मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; तीन मोबाइल व स्कूटी बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस के थाना न्यू अशोक नगर ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी तथा तीन चोरी/झपटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से तीन आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरुण शर्मा और आदिल के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के खोड़ा कॉलोनी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक पहले से 12 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, 28 मई 2026 को थाना न्यू अशोक नगर क्षेत्र के शनि बाजार रोड, कोंडली में मोबाइल स्नैचिंग की घटना सामने आई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह काम से घर लौट रहा था, तभी पीछे से स्कूटी पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए। इस संबंध में एफआईआर संख्या 305/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू अशोक नगर की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित भागने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के दौरान एक सफेद होंडा एक्टिवा स्कूटी संदिग्ध पाई गई, जिसका नंबर यूपी16एनए था।
जांच में पता चला कि स्कूटी नोएडा सेक्टर-10 स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी के नाम पर पंजीकृत है। कंपनी मालिक से पूछताछ में जानकारी मिली कि स्कूटी उसके कर्मचारी ऋतिक के पास थी। ऋतिक ने बताया कि घटना वाले दिन उसके मित्र वरुण शर्मा और आदिल स्कूटी लेकर गए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की। साथ ही, शिकायतकर्ता का स्नैच किया गया मोबाइल फोन और दो अन्य चोरी के मोबाइल भी बरामद किए गए, जो अलग-अलग मामलों से जुड़े हुए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकार कर लिए। उनकी निशानदेही पर तीन मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें ई-एफआईआर के जरिए दर्ज अन्य चोरी के मामले भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आदिल के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं में कई मामले दर्ज हैं, जबकि वरुण शर्मा का भी पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और टीमवर्क के चलते आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो पाई है, जिससे क्षेत्र में हो रही स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button