एएटीएस ने दो शातिर अपराधियों को किया गिरफ्तार, अवैध हथियार व चोरी का मोबाइल बरामद
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एएटीएस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और उनसे पूछताछ जारी है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) की टीम डीसीपी राहुल अलवल के निर्देशन और इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 17 जुलाई 2026 को टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भजनपुरा स्थित सुभाष मोहल्ला में हंगर पैराडाइज रेस्टोरेंट के सामने जाल बिछाकर दो संदिग्धों को मोटरसाइकिल समेत धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फुरकान (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अजीजुद्दीन निवासी गली नंबर 22, न्यू मुस्तफाबाद और इंतजार उर्फ सलमान उर्फ सल्लू (32 वर्ष) पुत्र जफर अहमद निवासी गली नंबर 22, न्यू मुस्तफाबाद के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपितों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि मोबाइल फोन थाना सीमापुरी क्षेत्र से चोरी किया गया था। इस संबंध में थाना भजनपुरा में एफआईआर संख्या 326/26 दिनांक 17 जुलाई 2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट व 106 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। फुरकान के खिलाफ जुआ अधिनियम का एक मामला दर्ज है, जबकि इंतजार उर्फ सल्लू पर हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपितों से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। फिलहाल पुलिस अवैध हथियार के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच में जुटी हुई है।




