सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनशिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता/राजेंद्र प्रसाद मिश्रा

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील मंझनपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मौके पर निष्पक्ष जांच कराने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रार्थना-पत्रों पर पात्र व्यक्तियों का ऑनलाइन आवेदन कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए, ताकि शासन की योजनाएं जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।
समाधान दिवस के दौरान तहसील मंझनपुर में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील सिराथू में 77 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 2 का तत्काल समाधान किया गया। वहीं तहसील चायल में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और प्रशासनिक व्यवस्था पारदर्शी एवं प्रभावी बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button