जीटीबी एन्क्लेव की जनता फ्लैट्स आरडब्ल्यूए ने 26 जुलाई को बुलाई आम सभा, सुरक्षा गार्ड नियुक्ति पर होगा फैसला

नई दिल्ली। जीटीबी एन्क्लेव स्थित जनता फ्लैट्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकृत) ने कॉलोनी के विकास, सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए 26 जुलाई 2026, रविवार को आम सभा आयोजित करने की घोषणा की है। यह बैठक प्रातः 11 बजे डी.डी.ए. मार्केट, श्री शिव मंदिर के पीछे आयोजित की जाएगी।
आरडब्ल्यूए द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सिक्योरिटी गार्ड नियुक्त करने का प्रस्ताव आम सभा का मुख्य विषय रहेगा। इस प्रस्ताव पर निवासियों की सहमति लेने के लिए सर्वे भी कराया जा रहा है। यदि 70 प्रतिशत या उससे अधिक निवासी इसके पक्ष में सहमति देते हैं, तभी इस योजना को लागू किया जाएगा।
नई आरडब्ल्यूए टीम ने बताया कि 10 मई 2026 से अब तक कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को शिकायतें भेजी गई हैं। सफाई, सीवर, जल निकासी, पार्क, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए कार्रवाई शुरू कराई गई है। साथ ही कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई है और विभिन्न सरकारी विभागों व जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा अभी तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, रजिस्टर, वित्तीय अभिलेख और विकास कार्यों से संबंधित फाइलें नई टीम को हस्तांतरित नहीं की गई हैं। इसके बावजूद नई टीम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का दावा कर रही है।
प्रस्तावित योजना के तहत प्रत्येक आवासीय मकान से 100 रुपये तथा प्रत्येक व्यावसायिक दुकान से 200 रुपये प्रति माह सहयोग राशि निर्धारित करने का सुझाव दिया गया है। आरडब्ल्यूए ने सभी निवासियों से अपील की है कि वे सर्वे फॉर्म भरें और आम सभा में उपस्थित होकर अपने सुझाव दें, ताकि कॉलोनी को सुरक्षित, स्वच्छ और आदर्श बनाया जा सके।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने निवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक सहयोग से ही कॉलोनी का समुचित विकास संभव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button