जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मितुवापुर गांव में शनिवार शाम लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मूरतगंज पुलिस चौकी प्रभारी कुमार शंकरम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार शाम करीब पांच बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घायलों में एक पक्ष से फुल्की पत्नी फूल सिंह, फूल सिंह पुत्र स्व. श्यामलाल, विमल सिंह, कमल सिंह और कुँवर सिंह शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से कंधई लाल पुत्र नोखे लाल, महेंद्र पुत्र संगम लाल तथा संतलाल पुत्र महेंद्र घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज में भर्ती कराकर उपचार कराया गया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण भी किया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान कर दिया जाता तो यह घटना टाली जा सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button