अढ़ैया-शिवदासपुर मार्ग निर्माण की मांग तेज, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने दिया शीघ्र निर्माण का आश्वासन

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य मंत्री कृष्णा पासवान के प्रयासों की ग्रामीण इलाकों में सराहना की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम अढ़ैया के ग्रामीणों एवं स्थानीय व्यापारियों ने अढ़ैया से शिवदासपुर तक सड़क निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के अभाव में उन्हें दैनिक आवागमन, शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अढ़ैया निवासी स्टार ट्रेडर्स के संचालक फिरोज खान, रवि चौबे, ग्राम प्रधान लुकमान अहमद तथा सेवानिवृत्त दरोगा शकील खान सहित अन्य ग्रामीणों ने राज्य मंत्री कृष्णा पासवान से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि लगभग 2 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में सड़क न होने के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है, वहीं बाजार तक पहुंचने में भी समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अढ़ैया स्थित मरीना मार्केट क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र बनता जा रहा है, लेकिन उचित सड़क संपर्क के अभाव में इसका समुचित विकास नहीं हो पा रहा है। यदि अढ़ैया-शिवदासपुर मार्ग का निर्माण हो जाता है तो न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि इस सड़क का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मार्ग का निर्माण कार्य 2 से 3 माह के भीतर शुरू कराकर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करने की बात भी कही, जिससे सड़क निर्माण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
ग्रामीणों ने मंत्री के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि यदि यह सड़क बन जाती है तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।




