आजमगढ़ में ट्रक ने हाथी को मारी टक्कर, महावत समेत 2 घायल

आजमगढ़,(उत्तर प्रदेश)। आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बाबा की कुटी के पास मंगलवार की सुबह वैवाहिक कार्यक्रम से वापस लौट रहा हाथी ट्रक की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में हाथी के अलावा महावत समेत 2 लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक इलाज कराया गया। महावत ने बताया की गंभीरपुर बाजार निवासी नरसिंह यादव की बेटी की रविवार की रात को शादी थी। इस वैवाहिक समारोह में सम्मलित होने के लिए हाथी आया था। सड़क पर नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। लोगों हाथी के घायल होने की चर्चा में लगे रहे।
मंगलवार की सुबह 6 बजे वैवाहिक कार्यक्रम से वापस हाथी को लेकर महावत जा रहा था। जैसे ही हाथी गंभीरपुर बाजार से पहले बाबा की कुटी के पास पहुंचा, तभी ठेकमा की ओर से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे में हाथी के कमर पर गंभीर चोटें लगने से वो घायल हो गया है।
हाथी के साथ महावत भी घायल
इस हादसे में हाथी चालक महावत सरदार और नासिर हाथी की पीठ से नीचे गिरने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। दुर्घटना की जानकारी पाकर थाना गंभीरपुर प्रभारी मुरारी मिश्रा दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय स्तर पर लोगों ने वन विभाग को भी इस घटना की सूचना दे दी है।




