स्कूटी की डिग्गी में छिपे कोबरा ने रेस्क्यू के दौरान सर्पमित्र को डसा, हालत गंभीर

स्कूटी की डिग्गी में छिपे एक जहरीले कोबरा सांप का रेस्क्यू करना सर्प मित्र को भारी पड़ गया। रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने सर्प मित्र शिवम शर्मा को डस लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल विदिशा रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

विदिशा/मध्य प्रदेश। विदिशा जिले के गंज बासौदा क्षेत्र के नेवाली गांव में स्कूटी की डिग्गी में छिपे जहरीले कोबरा सांप के रेस्क्यू के दौरान सर्पमित्र को डस लेने का मामला सामने आया है। सर्पमित्र शिवम शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें जिला चिकित्सालय विदिशा में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मानसून के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसी बीच नेवाली गांव में एक ग्रामीण की स्कूटी काफी समय से खड़ी थी। बारिश के कारण एक जहरीला कोबरा सांप उसमें छिपने के लिए स्कूटी की डिग्गी के अंदर जाकर बैठ गया। जब स्कूटी मालिक ने डिग्गी खोली तो अंदर फन फैलाए बैठे काले कोबरा को देखकर वह घबरा गया और तुरंत स्थानीय सर्पमित्र शिवम शर्मा को सूचना दी।
सूचना मिलने पर शिवम शर्मा मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने स्कूटी की डिग्गी खोलकर सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कोबरा ने अचानक हमला कर उन्हें डस लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सर्पमित्र को तुरंत नजदीकी शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। शरीर में जहर फैलने और स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय विदिशा रेफर कर दिया। अंतिम सूचना मिलने तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में लंबे समय से खड़े वाहनों को उपयोग में लाने से पहले अच्छी तरह जांच लें। डिग्गी, सीट या इंजन वाले हिस्सों को खोलते समय विशेष सतर्कता बरतें और यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button