आगरा में फ्रिज में शिवलिंग की आकृति, लोग अमरनाथ हिमलिंग से जोड़ कर रहे पूजा, चढ़ावा भी आने लगा
यूपी के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर में फ्रिज में अमरनाथ हिमलिंग की आकृति बन गई, जिसको लेकर चर्चा तेज हो गई है।

आगरा/उत्तर प्रदेश। अमरनाथ गुफा में जहां भगवान भोलेनाथ की शिवलिंग पिघल चुकी है, तो वहीं आगरा में वैसी ही आकृति की शिवलिंग फ्रिज के अंदर बन गई है, जिसको लेकर शहरभर में चर्चा हो रही है। घर के एक सदस्य ने कहा कि अमरनाथ की गुफा में बर्फ घुल चुकी है, हमारे फ्रिज में भोलेनाथ जी प्रकट हो चुके हैं। वहीं, लोग दर्शन करने के लिए भी पहुंच रहे हैं और चढ़ावा चढ़ा रहे हैं।
आगरा के खेरिया मोड़ नगला भुजा क्षेत्र के घर में फ्रिज के अंदर अमरनाथ भगवान जैसी आकृति बन गई। लोगों ने पूजा-अर्चना शुरू कर दी है। हर-हर महादेव के जयकारों से मोहल्ला गूंज रहा है। लोग दर्शन करने पहुंच रहे हैं और चढ़ावा चढ़ा रहे हैं।
अमरनाथ शिवलिंग से जोड़कर इसकी चर्चा हो रही है। कई लोग इसे शिव का चमत्कार मान रहे हैं तो कोई इसे साक्षात भगवान भोलेनाथ मान रहा है। कुछ लोग इसे प्राकृतिक बर्फ की आकृति बता रहा है। आस्था और विज्ञान दोनों नजरियों से चर्चा तेज हो गई है।
वहीं, सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि अभी सरकार 2 घंटे के लिए इलेक्ट्रिसिटी डाउन करेगी फिर क्या होगा? एक अन्य यूजर ने लिखा है कि ये भारत के लोग इसी में खुश हैं। एक ने लिखा है कि सरकार से निवेदन है कि इनकी बिजली तत्काल काटी जाए।



