कौशांबी पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर गिरोह का इनामिया सरगना घायल, तीन साथी गिरफ्तार
कौशांबी पुलिस ने पुरखास गांव के पास गो-तस्कर गिरोह के साथ मुठभेड़ में इनामिया सरगना अरशद को गोली लगने से घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन साथियों को भी पकड़ा गया।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। सरायअकिल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव के समीप 12 जुलाई की रात पुलिस और गोतस्कर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें गिरोह का इनामिया सरगना घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल सरगना को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सरायअकिल क्षेत्र के पनारा गोपालपुर गांव में 24 जून को गोमांस पकाए जाने की सूचना पर पुलिस ने एक घर से पका व कच्चा मांस बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में फरार चल रहे गोतस्कर गिरोह के सरगना अरशद और उसके साथी सुन्ने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस को 12 जुलाई की रात सूचना मिली कि फरार तस्कर पुरखास गांव स्थित एक बाग में मौजूद हैं और गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें गिरोह का सरगना अरशद उर्फ छेद्दन पुत्र शहाबउद्दीन निवासी पनारा गोपालपुर घायल होकर गिर पड़ा। इस दौरान उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।
पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाते हुए इनामिया आरोपी सुन्ने उर्फ इलियास निवासी खानपुर, नफीस पुत्र जमील निवासी खानपुर तथा फारूख निवासी खोंपा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो चापड़, एक रस्सी, लकड़ी का गुटका, एक चाकू, एक बछड़ा, एक टार्च तथा 1560 रुपये नकद बरामद किए गए।
घायल अभियुक्त अरशद को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे गांव के बाहर से एक गाय के बछड़े को काटने के उद्देश्य से पकड़कर लाए थे और 24 जून को गोपालपुर गांव में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें से कुछ मांस को बेच दिया गया था।
क्षेत्राधिकारी चायल शिवांक सिंह ने बताया कि अरशद और सुन्ने पेशेवर अपराधी हैं और दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सभी आरोपितों को आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया गया है।




