कानून के रखवाले ने पार की हदें, सिपाही ने बीच सड़क पर पत्नी को मारी गोली, मौत

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में एक सिपाही ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के दौरान बीच सड़क पर अपनी पत्नी को गोली मार दी। महिला की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश और मामले की जांच कर रही है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के पूर्वी क्षेत्र के कल्याणपुरी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने कथित तौर पर अपनी ही पत्नी को बीच सड़क पर गोली मार दी। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस महकमे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना रविवार की बताई जा रही है, जब आरोपी अपनी पत्नी के साथ स्कूटर पर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सिपाही ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर पत्नी पर गोली चला दी। घटना अचानक होने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलने के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल महिला को बिना देर किए एक ऑटो-रिक्शा की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सिपाही मौके से फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button