मूरतगंज में रोडवेज बस चालक की कथित लापरवाही, बस से उतर रही युवती गंभीर घायल

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज कस्बे में रोडवेज बस चालक की कथित लापरवाही के चलते एक 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि बस से उतरने के दौरान चालक ने वाहन समय से पहले आगे बढ़ा दिया, जिससे युवती सड़क पर गिर गई।
घायल युवती की पहचान पिंकी देवी (18 वर्ष) पुत्री चंदा पटेल, निवासी बेचू का पुरवा, थाना सुल्तानपुर घोष, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। वह फतेहपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 78 केटी 2279 से कानपुर से प्रयागराज जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मूरतगंज में बस रुकने के बाद पिंकी देवी उतर रही थीं, तभी चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि यात्री सुरक्षित उतर चुके हैं, बस आगे बढ़ा दी। इससे युवती संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, घटना के संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button