यमुना एक्सप्रेसवे पर कार में लगी आग, बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा परिवार समेत सुरक्षित

वृंदावन से दिल्ली लौटते समय अभिनव अरोड़ा की कार में अचानक आग लग गई। हालांकि, पूरा परिवार समय रहते कार से बाहर निकल आया है। अभिनव के परिवार को दूसरी गाड़ी से दिल्ली भेजा गया।

मथुरा/उत्तर प्रदेश। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कार में बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा अपने परिवार के साथ सवार थे। समय रहते सभी लोग कार से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग से कार बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी तरुण राज अरोड़ा अपनी पत्नी ज्योति, पुत्र अभिनव अरोड़ा और मन्नत अरोड़ा के साथ डस्टर कार से वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब दो बजे अचानक कार में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत वाहन रोका और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दूसरे वाहन की व्यवस्था कर परिवार को सुरक्षित दिल्ली के लिए रवाना किया।
प्राथमिक जांच में कार में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अभिनव अरोड़ा दिल्ली के निवासी हैं। उनके पिता तरुण राज अरोड़ा व्यवसायी होने के साथ ही टेडएक्स स्पीकर भी हैं। अभिनव अरोड़ा विभिन्न मंचों पर धार्मिक कथाओं के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button