कनाडा पहुंचते ही पत्नी ने तोड़ा रिश्ता, 20 लाख कर्ज लेकर भेजा था विदेश
पति ने लगाई मदद की गुहार

गुरदासपुर/पंजाब। दीनानगर थाना क्षेत्र के परिवार ने अपनी बहू और उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी और विवाह के बाद छल का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित पक्ष के अनुसार उन्होंने कर्ज लेकर बहू को विदेश भेजने के लिए 20 लाख रुपये से अधिक की भारी राशि खर्च की, लेकिन कनाडा पहुंचने के कुछ महीनों बाद ही बहू ने न केवल अपने पति से सभी संबंध तोड़ लिए, बल्कि उसे वहां बुलाने से भी मना कर दिया। इस शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता अमरजीत गिल निवासी जेल रोड, अब्बलखैर के अनुसार उनके बेटे साहिल गिल की शादी 27 दिसंबर 2023 को मुस्कान मक्कड़ निवासी नामदेव नगर, फाजिल्का से ईसाई रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद के कुछ महीनों तक दोनों के संबंध सामान्य रहे।
परिवार ने बताया कि छह जुलाई 2024 को उन्होंने मुस्कान को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने के लिए कुल 20 लाख 62 हजार 250 रुपये खर्च किए। यह पैसा उन्होंने कर्ज लेकर जुटाया था। कनाडा पहुंचने के बाद मुस्कान लगभग दो महीने तक साहिल की बहन मोनिका के घर पर रही। इस दौरान उसके रहने और अन्य खर्चों के लिए मोनिका ने लगभग तीन लाख रुपये और खर्च किए।
हालांकि, इसके बाद स्थिति बदलने लगी। अमरजीत गिल के मुताबिक मुस्कान ने अपने स्वजनों के संपर्क में रहते हुए मोनिका के घर से अलग रहना शुरू कर दिया। दोनों परिवारों के बीच पहले से यह सहमति थी कि मुस्कान कनाडा जाने के बाद अपने पति साहिल को भी वहां बुलाएगी और दोनों साथ रहेंगे। परिवार का आरोप है कि मुस्कान ने अपने माता-पिता राकेश मक्कड़ और शालू मक्कड़ के उकसावे में आकर पति और ससुराल वालों से बातचीत करना बंद कर दिया। वह साहिल का फोन उठाने से कतराने लगी। जब कभी बात होती भी तो वह साहिल से 14 लाख रुपये की मांग करती थी।
उनका कहना है कि मुस्कान ने पत्नी के रूप में कोई जिम्मेदारी नहीं निभाई और अब उसका कहना है कि उसे साहिल पसंद नहीं है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुस्कान के माता-पिता भी अब यही कह रहे हैं कि मुस्कान साहिल की पत्नी नहीं है। अमरजीत गिल ने बताया कि वह स्वयं ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और बहू को विदेश भेजने के लिए लिया गया कर्ज अब उन पर भारी पड़ रहा है। उनका आरोप है कि मुस्कान और उसके माता-पिता ने सोची-समझी साजिश के तहत धोखाधड़ी की है। उनके पास सभी वित्तीय लेन-देन के सबूत भी हैं। दीनानगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुस्कान मक्कड़, राकेश मक्कड़ और शालू मक्कड़ के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।




