हाईवे किनारे बंद बक्से में मिली महिला की लाश का कौशाम्बी पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

कौशाम्बी के कोखराज थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे बक्से में मिली महिला हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 12 दिन की जांच और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मृतका की पहचान अमेठी निवासी मोनी वर्मा के रूप में हुई। मुख्य आरोपी हर्ष खियानी ने दूसरी पत्नी होने के कारण बदनामी के डर से हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस अधीक्षक ने टीमों की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया।
सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिले के थाना कोखराज क्षेत्र में 15 अप्रैल को हाईवे किनारे संदिग्ध बक्से में मिली अज्ञात महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 12 दिन तक चली गहन जांच, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सिराथू और प्रभारी निरीक्षक कोखराज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। बक्से में लगभग 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला कसकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में तीन टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई।
सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम खोजवापुर के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार हर्ष खियानी उर्फ बिट्टू और यश गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने महिला की हत्या कर शव को बक्से में भरकर फेंकने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हैंडबैग से मिले दस्तावेजों से मृतका की पहचान मोनी वर्मा निवासी अमेठी के रूप में हुई।
मुख्य आरोपी हर्ष ने बताया कि मृतका उसकी दूसरी पत्नी थी, जिससे उसने मंदिर में शादी की थी। पहली पत्नी उसके परिवार के साथ रहती है। मृतका द्वारा घर ले जाने का दबाव बनाने पर उसने बदनामी के डर से हत्या की योजना बनाई। उसने बाजार से बक्सा, कुनैन की गोलियां और पॉलीथीन खरीदी थी। 15 अप्रैल को महिला का गला दबाकर हत्या की और शव को बक्से में बंद कर यश गुप्ता की मदद से हाईवे किनारे फेंक दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने घटना का खुलासा करने वाली टीमों की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।




