आजमगढ़ के एसएसपी पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप, भाजपा एमएलसी ने एसएसपी को अपराधी बताते हुए जेल में डालने की कही बात

आजमगढ़ जिले में इस समय हाफ एनकाउंटर को लेकर हंगामा मचा हुआ है। भाजपा एमएलसी ने पुलिस कप्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को कार्रवाई को लेकर पत्र लिखा है।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। जनपद आजमगढ़ में जियो कंपनी के मैनेजर से हुई लूट की घटना के बाद बीते 28 मार्च को हुए हाफ एनकाउंटर का विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस मामले को लेकर एक तरफ जहां भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी, तो वहीं दूसरी तरफ जनपद मऊ में आयोजित दिशा की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा एमएलसी ने आजगढ़ पुलिस कप्तान को अपराधी बताते हुए जेल में डालने की बात तक कह डाली। भाजपा एमएलसी के इस बयान से एक बार यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आजमगढ़ का पुलिस कप्तान अपराधी है और उसकी जगह जेल में होनी चाहिए। आजमगढ़ पुलिस कप्तान ‘गुडवर्क’ दिखाने के नाम पर फर्जी कार्रवाई कर रहे हैं। एमएलसी ने एक मामले का हवाला देते हुए कहा कि वादी ने अपनी एफआईआर में स्पष्ट लिखा था कि उसके साथ लूट या छिनैती नहीं हुई, बल्कि उसका बैग गिर गया था। इसके बावजूद पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी कार्रवाई की। देवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस ने इस पूरे मामले को एक फर्जी मुठभेड़ का रूप देने का काम किया है। ऐसे में इस मामले में निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस पूरे मामले में पुलिसने जिसका हाफ एनकाउंटर किया है, वह भाजपा का बूथ अध्यक्ष है और जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकलालचंद गांव का मूल निवासी है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि कोई भी कार्रवाई जल्दबाजी में नहीं की गई है, बल्कि इस मामले की पूरी तरह से छानबीन की गई है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि 28 मार्च को जब पुलिस टीम ने अभियुक्त अभिषेक सिंह उर्फ धर्मेंद्र को शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहाटी घाट के पास से गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस टीम की आत्मरक्षा में फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई।
2016 बैच के आईपीएस डॉ. अनिल कुमार मूलत: राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिसिंग के पहले अनिल कुमार एमबीबीएस की पढ़ाई कर दिल्ली के एक अस्पताल में बतौर चिकित्सक अपनी सेवाएं भी दे चुके हैं। 18 सितंबर 2025 से आजमगढ़ में बतौर एसएसपी अपना कार्यभार संभालने वाले अनिल कुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से जाने जाते हैं। अपने सख्त तेवर और त्वरित कार्रवाइयों को लेकर अनिल कुमार अक्सर चर्चा में बने रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button