कौशाम्बी में जिलाधिकारी ने होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, निष्पक्षता पर दिया जोर

सचिन पाण्डेय,कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सोमवार को उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट परीक्षा को शुचितापूर्ण, शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने एस.ए.वी. इंटर कॉलेज सैनी सहित अन्य केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट से परीक्षार्थियों की संख्या और सीसीटीवी निगरानी की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया जाए। उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ को उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सत्येन्द्र कुमार तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।




