मेरठ में तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर, तीन मकान जमींदोज, मलबे में दबकर महिला की मौत, 10 घायल

मेरठ,(उत्तर प्रदेश)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की समरगार्डन कॉलोनी में सोमवार की दोपहर एक मकान में रसोई गैस का सिलेंडर फटने से तीन मकान गिर गए। मकान के मलबे में परिवार के कई सदस्य दब गए। इसमें एक महिला की मौत हो गई और करीब दस लोग घायल हो गए। पुलिस, दमकलकर्मी बचाव कार्य में जुटे हैं। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। माना जा रहा है कि अभी भी मलबे की नीचे कुछ लोग दबे हो सकते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, समरगार्डन कॉलोनी के साठ फुटा रोड पर इंटु का मकान है। सोमवार की दोपहर करीब साढे तीन बजे उसकी रसोई में रखा गैस का सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी थी कि इंटू के मकान के बराबर के दो मकान भी ढह गए। मकान के ढहने से परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। धमाके की आवाज से आसपास के लोग वहां पहुंच गये। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाडि़यां भी मौक पर पहुंच गई।

एसपी सिटी विनित भटनागर और सीओ कोतवाली अरविंद चौरसियो भी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन भी बुला ली गई। मलबा हटा कर दबे हुए लोगो को निकालने का काम शुरू हुआ। इस हादसे में एक 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। करीब दस लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में पटाखे में विस्फोट होने से मकान गिरने की चर्चा है। हालांकि पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button