तेलंगाना के सिकंदराबाद में इलेक्ट्रिक बाइक चार्ज करते समय शोरूम में लगी आग, 8 लोगों की मौत

सिकंदराबाद,(तेलंगाना)। तेलंगाना के सिकंदराबाद में सोमवार रात एक इलेक्ट्रिक शोरूम में भीषण आग लगने से एक महिला समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। आग रात 10 बजे लगी और पासपोर्ट कार्यालय के पास स्थित एक इमारत की चार मंजिलों के ऊपर एक लॉज और एक रेस्तरां में फैल गई। होटल के कर्मचारियों और मेहमानों ने आग और धुएं को निकलते देखा और दमकल विभाग को सूचित किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलंगाना के मंत्री के टी रामाराव ने लोगों की मौतपर शोक व्यक्त किया और क्रमश केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से पीड़ितों को अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की। शोरूम में लगी आग उसके ऊपर बने ‘होटल रुबी प्राइड’ में फैल गई, जिसके कारण आठ लोगों की मौत हो गई।

हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सी वी आनंद ने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि होटल की चार मंजिलों में 23 कमरे हैं। धुआं सीढ़ियों के रास्ते नीचे से ऊपर की ओर बढ़ा और अंतत: सभी मंजिलों में पहुंच गया। आनंद ने कहा, पहली और दूसरी मंजिल पर सो रहे कुछ लोग धुएं के बीच से होते हुए गलियारे में पहुंचे और दम घुटने से उनकी मौत हुई। उन्होंने कहा कि इसका असल कारण दमकल विभाग की जांच के बाद पता चल पाएगा कि आग भूमिगत तल में शॉर्ट सर्किट या बैटरी चार्ज होने के कारण लगी या यह पहली मंजिल में स्थित स्कूटर शोरूम से लगी।

अधिकारी ने कहा, भूमिगत तल का इस्तेमाल आमतौर पर वाहनों को खड़ा करने के लिए किया जाना चाहिए- स्पष्ट रूप से, वे कुछ और कर रहे थे। यह जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय होटल में करीब 24 लोग ठहरे हुए थे। दमकलकर्मियों ने इस बहुमंजिला इमारत में फंसे सात लोगों को बचा लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीवी पर प्रसारित हो रहे वीडियो में कुछ लोग आग से स्वयं को बचाने की कोशिश में होटल की खिड़कियों से कूदने की कोशिश करते दिख रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button