पत्नी को देख भागा पति और पिट गई प्रेमिका

हापुड़ में एक रेस्टोरेंट में चला 'पति, पत्नी और वो' का हाई वोल्टेज ड्रामा

हापुड़/उत्तर प्रदेश। पति-पत्नी और वो, का हाईवोल्टेज ड्रामा शुक्रवार को पिलखुवा कस्बे में एक रेस्टोरेंट पर देखने को मिला। दरअसल एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहा था।
इसी दौरान उसकी पत्नी भी वहां पर पहुंच गई। पत्नी के तेवरों को देखकर युवक वहां से उठकर भाग गया। इसके चलते उसकी पत्नी ने महिला मित्र को पकड़ लिया और धुनाई शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों महिलाओं में जोरदार मारपीट शुरू हो गई। यह देखकर रेस्टारेंट में हंगामा हो गया। वहां परिवार के साथ बैठे लोग भाग निकले देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस के अनुसार कस्बे के रहने वाले एक युवक ने भूख नहीं होने की बात कहकर घर पर खाना-खाने से इंकार कर दिया था। इस दौरान वह किसी से मोबाइल पर बात करते हुए एक रेस्टोरेंट का नाम ले रहा था। इस पर युवक की पत्नी को शक होने लगा। उसके घर से चले जाने के बाद वह भी ई-रिक्शा लेकर उक्त रेस्टारेंट पर पहुंच गई। रेस्टोरेंट के बाहर युवक की बाइक खड़ी थी।
इसके चलते उसकी पत्नी भी अंदर पहुंच गई। वहां पर युवक एक महिला के साथ नाश्ता कर रहा था। वह महिला युवक की मित्र बताई जा रही है। एकाएक पत्नी को सामने देखकर युवक हक्का-बक्का रह गया। इस दौरान वह पत्नी को धक्का देकर वहां से भाग निकला। इसके बाद दोनों महिलाओं में गर्मागर्म बहस होने के साथ ही मारपीट होने लगी। इस दौरान रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई।
वहां पर परिवार के साथ आए लोगों उठकर चले गए और राहगीरों-तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीस कुमार ने बताया कि घटना से शांति भंग की स्थिति बन गई थी। इस पर दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों महिलाओं को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए क्षेत्र में शांति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button