श्रद्धालुओं से गुलजार मां वैष्णो देवी का भवन, कटड़ा में उत्सव जैसा माहौल
चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सीआरपीएफ जवान तैनात

विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी यात्रा पूरे यौवन पर है। रविवार को कटड़ा से भवन तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जिससे उत्सव जैसा माहौल बन गया। पंजीकरण काउंटरों पर लंबी कतारें थीं।
सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मां वैष्णो देवी की यात्रा इन दिनों पूरे यौवन पर है। रविवार को आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन परिसर तथा यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हर तरफ श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे संपूर्ण क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।
रविवार सुबह से ही कटड़ा में यात्रा पंजीकरण काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। नए ताराकोट मार्ग के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच एवं पंजीकरण प्रक्रिया के लिए श्रद्धालु कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं प्रवेश द्वार दर्शनी डियोड़ी पर भी जांच के लिए श्रद्धालु कतारों में भवन की और बढ़ते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ मां के जयकारे लगाते हुए यात्रा मार्ग की ओर बढ़ते रहे।
मां वैष्णो देवी भवन परिसर में भी दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें दिनभर धीरे-धीरे आगे बढ़ती रहीं। मौसम में सुधार के चलते दिनभर धूप खिली रही, हालांकि ठंडी हवाओं का दौर जारी रहा, जिससे यात्रा का वातावरण सुहावना बना रहा और श्रद्धालुओं को राहत मिली।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी एवं जवान यात्रा मार्गों और प्रमुख स्थलों पर तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यात्रा संचालन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रहे।
मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में प्रसाद एवं धार्मिक सामग्री की खरीददारी करते नजर आए, जिससे स्थानीय बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आई।
आंकड़ों के अनुसार शनिवार 11 अप्रैल को लगभग 47 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के पवित्र दर्शन किए। वहीं रविवार 12 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक करीब 34 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा। श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग यात्रियों की सुविधाओं तथा सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं और यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।




