नोएडा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मुंहबोला मामा गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

नोएडा। बादलपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के करीब दो घंटे के भीतर कथित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

सेंट्रल नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 19 नवंबर को एक व्यक्ति ने बादलपुर थाने में अपनी नाबालिग भांजी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्ची को गांव के रहने वाले रोहित उर्फ चंद्रा के साथ देखा गया था। आरोपी परिवार का परिचित बताया जा रहा है और घर पर उसका आना-जाना था। बच्ची उसे मुंहबोला मामा कहकर बुलाती थी।

परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल तलाश लिया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी बाइक से भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के इरादे से गोलीबारी की।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने बताया कि पीड़िता की हालत ठीक है और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button