Accident : खखरेरू में बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, दो मासूम समेत कई बच्चे घायल
मातादीन एक्सेल एकेडमी की स्कूल बस मानुपुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में श्रेयांश, अयांश समेत कई बच्चे घायल हुए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय जानकारी के अनुसार, बस का पंजीकरण 19 सितंबर 2026 को समाप्त हो चुका था। मामले में परिवहन विभाग की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। खखरेरू नगर पंचायत क्षेत्र के कनपुरवा स्थित मातादीन एक्सेल एकेडमी की स्कूल बस मंगलवार दोपहर बच्चों को घर छोड़ने जाते समय मानुपुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
बताया गया कि स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को लेकर घरों की ओर जा रही थी। मानुपुर मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पलटते हुए खेत में जा गिरी। हादसे में दौलतपुर निवासी श्रेयांश और अयांश समेत कई बच्चे घायल हुए हैं। कुछ बच्चों के सिर और चेहरे पर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। ग्रामीणों की मदद से बस में मौजूद बच्चों को बाहर निकाला गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद स्कूल बस की फिटनेस और दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, बस का पंजीकरण प्रमाणपत्र 19 सितंबर 2026 को समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वाहन के सड़क पर संचालित होने की बात सामने आई है। यदि दस्तावेजों की यह स्थिति जांच में सही पाई जाती है तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
घटना ने स्कूल वाहनों की नियमित जांच और परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह जांच का विषय है कि वाहन का संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और क्या स्कूल बस के आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानक पूरे थे। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




