देवरहा बाबा की कृपा से मिला था राजा भैया को नाम! भदरी राजघराने की तीन पीढ़ियों से जुड़ी है संत के प्रति गहरी आस्था

यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा से विधायक राजा भैया इन दिनों रामकथा करा रहे हैं, जहां मशहूर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री भी पहुंचे हैं।

देवरहा बाबा और राजा भैया कुंडा विधायक

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश का प्रतापगढ़ जिला अपनी ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और राजनीतिक रसूख के लिए खास पहचान रखता है। मां बेल्हा देवी के नाम से जुड़ी बेल्हा नदी के किनारे बसे इस जिले की पहचान आंवले की पैदावार, अवधी संस्कृति और सामंती इतिहास से भी जुड़ी रही है। गांवों में आज भी रामचरितमानस के पाठ की गूंज सुनाई देती है। इसी जिले में कभी दो प्रमुख रियासतों भदरी और कालाकांकर का खास प्रभाव रहा। इनमें भदरी रियासत का नाम आते ही कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की चर्चा शुरू हो जाती है। इन दिनों राजा भैया अपने क्षेत्र में आयोजित रामकथा को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए हैं। इस आयोजन के बीच राजा भैया और उनके परिवार की देवरहा बाबा के प्रति आस्था का पुराना इतिहास भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रतापगढ़ की भदरी रियासत का संबंध कुंडा क्षेत्र से रहा है। यह बिसेन राजपूतों की प्रमुख जागीरों में गिनी जाती थी। दूसरी ओर गंगा तट पर स्थित कालाकांकर रियासत भी ऐतिहासिक रूप से बिसेन राजपूतों से जुड़ी रही। भदरी राजघराने का इलाके में लंबे समय तक खास प्रभाव रहा और यहां के शासकों को स्थानीय स्तर पर राजा साहब के रूप में सम्मान मिलता था। समय के साथ राजशाही व्यवस्था भले समाप्त हो गई, लेकिन इस परिवार का राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव बना रहा।

इतिहासकार डॉ. दानपाल सिंह के अनुसार, कुंडा क्षेत्र में उदय प्रताप सिंह के बाद उनके पुत्र रघुराज प्रताप सिंह ने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई। राजा भैया वर्ष 1993 से लगातार कुंडा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। उनकी पहचान प्रदेश की राजनीति के प्रभावशाली नेताओं में होती है। हालांकि, उनके परिवार की पहचान केवल राजनीतिक विरासत तक सीमित नहीं रही, बल्कि धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं से भी गहराई से जुड़ी रही है।

राजा भैया कई साक्षात्कारों में अपने परिवार की देवरहा बाबा के प्रति श्रद्धा का उल्लेख कर चुके हैं। देवरहा बाबा उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध सिद्ध संतों में गिने जाते थे। उनकी मुख्य तपस्थली देवरिया जिले के मइल क्षेत्र में सरयू नदी के किनारे स्थित थी। बाबा का जीवन अत्यंत सादगीपूर्ण और आध्यात्मिक साधना से जुड़ा रहा। वे नदी के किनारे लकड़ी के मचान पर निवास करते थे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंचते थे।

देवरहा बाबा और भदरी राजघराने के संबंधों की जड़ें बिसेन राजपूतों के ऐतिहासिक इतिहास से जुड़ी मानी जाती हैं। इतिहासकारों के अनुसार, देवरिया का मझौली राज बिसेन राजपूतों का प्रमुख मूल केंद्र रहा है। समय के साथ इस वंश की शाखाएं प्रतापगढ़ और अवध के दूसरे हिस्सों में भी फैलीं। मझौली राजघराने का धार्मिक संस्थाओं, मंदिरों और संतों से पुराना संबंध रहा है। इसी ऐतिहासिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि के चलते भदरी जैसे राजपरिवारों की देवरहा बाबा के प्रति गहरी श्रद्धा विकसित हुई।

राजा भैया के जन्म से जुड़ी एक मान्यता भी देवरहा बाबा के साथ परिवार के रिश्ते को खास बनाती है। बताया जाता है कि उनके पिता उदय प्रताप सिंह और माता मंजुला देवी बाबा के परम भक्त थे। वे अक्सर बाबा के दर्शन के लिए देवरिया जाया करते थे। मान्यता है कि संतान प्राप्ति की कामना लेकर जब दंपती बाबा के पास पहुंचे, तो उन्होंने राजपरिवार में पुत्र जन्म की भविष्यवाणी की थी। हालांकि, यह प्रसंग पारिवारिक आस्था और प्रचलित मान्यताओं के रूप में बताया जाता है।

एक अन्य मान्यता के अनुसार, राजा भैया के जन्म के बाद उनका नाम रघुराज प्रताप सिंह स्वयं देवरहा बाबा ने रखा था। राजा भैया भी कई मौकों पर बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर चुके हैं। उनका कहना रहा है कि वे जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत बाबा का स्मरण करके करते हैं और अपनी उपलब्धियों को उनकी कृपा से जोड़कर देखते हैं। यही वजह है कि उनके परिवार में देवरहा बाबा के प्रति आस्था को विशेष महत्व दिया जाता है।

भदरी राजघराने में देवरहा बाबा के प्रति श्रद्धा केवल राजा भैया के माता-पिता तक सीमित नहीं थी। उनके दादा और भदरी रियासत के पूर्व शासक राजा बजरंग बहादुर सिंह भी धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति बताए जाते हैं। परिवार में बाबा को पीढ़ियों से परम आराध्य के रूप में मानने की परंपरा रही है। बताया जाता है कि राजा बजरंग बहादुर सिंह की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपने भतीजे उदय प्रताप सिंह को गोद लिया था। आगे चलकर उदय प्रताप सिंह के पुत्र रघुराज प्रताप सिंह ने परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया।

देवरहा बाबा का आध्यात्मिक जीवन भी अपने आप में विशिष्ट था। वे किसी औपचारिक मठ की गद्दी के अधीन नहीं थे, बल्कि स्वतंत्र सिद्ध योगी के रूप में जीवन व्यतीत करते थे। उनका निवास नदी के किनारे लकड़ी का मचान हुआ करता था। आध्यात्मिक परंपरा के अनुसार उन्हें रामानुजाचार्य की विशिष्टाद्वैत परंपरा से जुड़ा माना जाता है। वे श्रद्धालुओं को राम नाम और कृष्ण मंत्र के महत्व का संदेश देते थे। उनके दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु और विशिष्ट लोग पहुंचते थे।

राजा भैया की राजनीतिक यात्रा भी काफी चर्चित रही है। 31 अक्टूबर 1969 को जन्मे रघुराज प्रताप सिंह वर्ष 1993 में पहली बार कुंडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद से वह लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और सात बार विधायक बन चुके हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने के लिए जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) का गठन किया और वर्तमान में पार्टी के अध्यक्ष हैं। वह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2013 में प्रतापगढ़ के डीएसपी जिया-उल-हक हत्याकांड के बाद विवादों में नाम आने पर उन्होंने मंत्रिपद से इस्तीफा दे दिया था।

आज प्रतापगढ़ की राजनीति में राजा भैया का नाम जितना प्रभावशाली माना जाता है, उतनी ही चर्चा उनके परिवार की धार्मिक परंपराओं और देवरहा बाबा के प्रति श्रद्धा की भी होती है। भदरी राजघराने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, बिसेन राजपूतों की वंश परंपरा और देवरिया के संत से जुड़ी आस्था का यह रिश्ता प्रतापगढ़ की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button