मुंबई में दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चला बीएमसी का बुलडोजर, भिंडी बाजार की इमारत ढहाने का काम शुरू

बीएमसी ने गुरुवार को 87 साल पुरानी 'हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना' इमारत को गिराने का काम शुरू कर दिया है। यह इमारत कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के परिवार का घर हुआ करती थी।

मुंबई,एजेंसी। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर से जुड़ी भिंडी बाजार स्थित इमारत को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना नाम की यह इमारत कभी दाऊद इब्राहिम के परिवार का आवास हुआ करती थी। बीएमसी ने इसे गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर की तारीख निर्धारित की थी, लेकिन बुधवार को कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। इसके बाद गुरुवार को निगम की टीम ने इमारत को ढहाने का काम शुरू कर दिया। इससे पहले बीएमसी के सी वार्ड कार्यालय की ओर से दो दिन पूर्व इस संबंध में नोटिस जारी किया गया था।

बीएमसी के नोटिस के मुताबिक, निगम को सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (एसबीयूटी) की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ था। इसमें इमारत को जर्जर और खतरनाक स्थिति में बताते हुए उसे खाली कराने तथा ध्वस्त करने का अनुरोध किया गया था। ट्रस्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के अगस्त 2020 के आदेश का हवाला देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इस वर्ष 23 अक्टूबर को जारी स्पष्टीकरण में ट्रस्ट ने बताया था कि यह इमारत उसकी क्लस्टर पुनर्विकास योजना के सेक्टर-8 में आती है और इसका एक हिस्सा प्रस्तावित सड़क के रास्ते में बाधा बन रहा है।

वर्ष 1939 में निर्मित यह इमारत दो मंजिला थी, जिसमें कुल 36 कमरे थे। शुरुआत में इसका उपयोग हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के अस्थायी ठहराव के लिए किया जाता था। बाद में इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए इसे सी-1 श्रेणी में रखा गया। इस श्रेणी का अर्थ है कि भवन बेहद खराब स्थिति में है और उसे असुरक्षित माना जाता है। बीएमसी के अनुसार, क्षेत्र में आंतरिक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इमारत के सड़क के रास्ते में आने से सेकंड कूपर स्ट्रीट को चौड़ा करने की योजना प्रभावित हो रही है।

नोटिस में इमारत के भूतल पर बने प्रार्थना कक्ष में रह रहे लोगों को ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कराई गई वैकल्पिक जगह पर जाने के लिए कहा गया है। बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, हालिया निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भूतल को छोड़कर इमारत के शेष हिस्से को खाली करा लिया गया है।

वहीं, कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों और ट्रस्ट के विरोध में आवाज उठाने वाले कुछ लोगों ने सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत के ध्वस्तीकरण पर रोक लगा रखी है। उनका आरोप है कि बीएमसी ने केवल 24 घंटे का समय देकर नोटिस जारी किया, जिससे प्रभावित पक्षों को न्यायालय जाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पहले सामान्यतः 15 दिन का समय दिया जाता है, लेकिन इस मामले में इतनी कम अवधि में ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। हालांकि, वक्फ ट्रिब्यूनल के कथित आदेश और नोटिस की समय-सीमा को लेकर उठाए गए इन सवालों पर संबंधित पक्षों की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button