मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन, पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में निधन हो गया। वह उम्र से जुड़ी बीमारियों से परेशान थीं. उन्होंने यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मां सावित्री देवी (फाइल फोटो)

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। बताया गया है कि वह उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर रवाना होने की तैयारी में हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह गोरखपुर से लखनऊ पहुंचकर विमान से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से यमकेश्वर पहुंचकर सड़क मार्ग से अपने गांव पंचूर जाएंगे और मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड में हुआ था और उनका बचपन पंचूर गांव में ही बीता। इसी गांव से उनका पारिवारिक जुड़ाव रहा है। मई 2022 में लंबे अंतराल के बाद वह अपने पैतृक गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था। मां-बेटे की इस मुलाकात की तस्वीरें भी काफी चर्चा में रही थीं।

इससे पहले जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां का हालचाल जानने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थीं। मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और चिकित्सकों से भी बातचीत की थी। जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री की मां के निधन पर दुख जताया। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे और दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका उपचार चल रहा था। वह किडनी और लिवर संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 1991 में सेवानिवृत्त होने के बाद अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहने लगे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button