जम्मू के सरकारी स्कूल में चोरी का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 70 हजार रुपये का सामान बरामद
जम्मू के कासाबान स्थित सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर कबाड़ की दुकान से 70 हजार रुपये के नल और मिड-डे मील के बर्तन बरामद किए गए हैं।

जम्मू,एजेंसी। जम्मू के गुज्जर नगर स्थित बाजार कासाबान के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 70 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में स्कूल के वाशरूम और प्रयोगशाला से चोरी किए गए नल तथा मिड-डे मील तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते शुक्रवार को स्कूल के प्रिंसिपल ने थाना पीर मिट्ठा में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूल परिसर के वाशरूम और प्रयोगशाला में लगे नल गायब हैं। इसके अलावा मिड-डे मील तैयार करने के लिए रखे गए बर्तन भी चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके का नक्शा तैयार किया। जांच के दौरान फोटोग्राफी के साथ फिंगरप्रिंट सहित अन्य फोरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इसके अलावा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर डंप का भी विश्लेषण किया।
जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर गुज्जर नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर नरवाल स्थित एक कबाड़ की दुकान से स्कूल से चोरी किए गए नल और बर्तन बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी की वारदात में अन्य संभावित संलिप्तता और कबाड़ की दुकान तक चोरी का सामान पहुंचने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




