मां वैष्णो देवी की यात्रा एक करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद, अब तक 87.20 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
2012 के बाद पहली बार बन सकता है नया रिकॉर्ड, वर्ष समाप्त होने में 42 दिन शेष; कटड़ा में बढ़ी रौनक, कारोबारियों में उत्साह

संवाददाता/सुदेश कुमार
कटड़ा,जम्मू। माता वैष्णो देवी के दरबार में वर्ष 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या ने यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंचने की उम्मीद जगा दी है। अब तक करीब 87.20 लाख श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगा चुके हैं और वर्ष समाप्त होने में अभी 43 दिन शेष हैं। अनुकूल मौसम, सामान्य यात्रा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही को देखते हुए वर्ष 2012 के बाद पहली बार यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ पार करने की संभावना मजबूत होती दिखाई दे रही है।
बुधवार को भी मौसम साफ रहने और खिली धूप के बीच देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के आधार शिविर कटड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पंजीकरण करवाने के बाद श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। यात्रा मार्ग पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की अच्छी खासी आवाजाही बनी रही। मौसम में ठंडक के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई।
यात्रा में बढ़ोतरी का असर आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। मां के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापार को गति मिल रही है और होटल, ढाबा, दुकानदारों सहित पर्यटन से जुड़े कारोबारियों में उत्साह का माहौल है।
यात्रा के ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2011 में पहली बार माता वैष्णो देवी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ एक लाख के पार पहुंची थी। इसके बाद वर्ष 2012 में करीब एक करोड़ चार लाख श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, इन दोनों वर्षों के बाद यात्रा का आंकड़ा दोबारा इस स्तर तक नहीं पहुंच सका। अब वर्ष 2026 में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने एक बार फिर पुराने रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद बढ़ा दी है।
आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को 17 हजार से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी था। इससे पहले 17 नवंबर को कुल 25,200 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेका था। लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले दिनों में यात्रा का आंकड़ा और तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड की ओर से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे केबल कार के साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालु अपनी सुविधा और सामर्थ्य के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। भवन पहुंचकर मां के दर्शन करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी की ओर भी रुख कर रहे हैं और रोपवे केबल कार सहित अन्य साधनों से बाबा भैरवनाथ के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।
वहीं, यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आपदा प्रबंधन दल, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराने के लिए संबंधित विभागों की टीमें तैनात हैं।
यदि मौसम और यात्रा व्यवस्था इसी तरह अनुकूल बनी रहती है तो वर्ष 2026 में माता वैष्णो देवी की यात्रा का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंच सकता है। ऐसा होने पर 14 वर्षों बाद एक बार फिर मां के दरबार में श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ से अधिक दर्ज की जाएगी।




