‘पिस्तौल दिखाकर बेची घड़ियां’ राजस्थान के अजमेर में रील के चक्कर पड़ गया भारी
अजमेर में वायरल रील को लेकर पुलिस जांच शुरू, घड़ी कारोबारी की प्रमोशनल वीडियो बनी विवाद की वजह,वीडियो में युवक पिस्टल जैसी वस्तु लेकर दुकान में घुसता दिखा, बाद में घड़ियों का प्रचार करता नजर आया।

अजमेर/राजस्थान। सोशल मीडिया पर वायरल होने और कारोबार को बढ़ावा देने की दौड़ अब कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है। अजमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक घड़ी व्यापारी द्वारा बनाई गई रील को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूरे मामले की जानकारी अजमेर जिला एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला की ओर से दी गई।
वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर दुकान में दाखिल होता दिखाई देता है। वीडियो में युवक दुकान के कर्मचारी को धमकाता नजर आता है, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बन जाता है। हालांकि कुछ ही पलों बाद वीडियो का पूरा दृश्य बदल जाता है और वही युवक दुकानदार से हाथ मिलाते हुए दिखाई देता है। इसके बाद दुकानदार अपनी घड़ियों का प्रचार करते नजर आता है।
जानकारी के मुताबिक यह वीडियो खुद दुकानदार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाए, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने संबंधित थाना अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला व्यापारिक प्रचार के उद्देश्य से बनाई गई रील का माना जा रहा है, जिसमें संभवतः नकली पिस्टल का इस्तेमाल किया गया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली थी या नकली। साथ ही वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने के पीछे की मंशा की भी जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है। उन्होंने साफ कहा कि भय, भ्रम या सनसनी फैलाने वाले वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




