बीएसएनएल की 25वीं वर्षगांठ: गाजियाबाद के कस्टमर्स ने क्यों किया किनारा, ग्राहकों की वापसी बड़ी चुनौती

गाजियाबाद। जिस बीएसएनएल पर कभी लाखों ग्राहकों का भरोसा था, वह आज अपनी 25वीं सालगिरह पर कठिन चुनौती का सामना कर रहा है। खस्ताहाल नेटवर्क और बाजार में प्राइवेट कंपनियों के आक्रामक प्लान के चलते गाजियाबाद और आसपास के पूरे वेस्ट यूपी सर्किल में ग्राहकों ने कंपनी से दूरी बना ली है। आंकड़े इस निराशा को साफ दर्शाते हैं। पूरे वेस्ट यूपी सर्किल, जिसमें गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, अलीगढ़ आदि शामिल हैं, में सिम बिक्री बुरी तरह गिरी है।
वेस्ट यूपी सर्किल में पिछले साल 12 लाख 94 हजार से अधिक सिम बिके थे, वहीं इस साल सितंबर तक यह संख्या गिरकर मात्र 3 लाख 25 हजार रह गई है। साफ है की ग्राहक बीएसएनएल के नेटवर्क से संतुष्ट नहीं है। तेज स्पीड की तलाश में दूसरी कंपनियों का रुख कर चुके हैं। हालांकि, कंपनी अब भी हार मानने को तैयार नहीं है। वह अपना स्वदेशी 4G चिप लॉन्च कर चुकी है और 5G कनेक्शन लॉन्च करने की तैयारी में है।
बीएसएनएल प्रबंधन अब ग्राहकों को इन नई और तेज सेवाओं के प्रति जागरूक कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद के राजनगर सहित अन्य जन सुविधा केंद्रों पर 4G सिम की बिक्री शुरू हो चुकी है। दूसरी ओर ग्राहकों में गिरावट के बावजूद बीएसएनल अभी भी देश का सबसे सस्ता प्लान (153 रुपये) पेश कर रहा है। इसमें ग्राहकों को डेढ़ जीबी डेटा प्रतिदिन, अनलिमिटेड कॉल और सौ मैसेज रोज की सुविधा मिल रही है। गाजियाबाद में बीएसएनएल की 25वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। राजनगर स्थित बीएसएनएल कार्यालय को रोशनी से सजाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनी अपनी नई योजनाओं की जानकारी दे रही है।




