काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन के नाम पर 4 हजार की ठगी, एसएचओ ने दलाल से दिलाए रुपये वापस
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए मैसूर से आई महिला श्रद्धालु से एक दलाल ने चार हजार रुपये वसूल लिए।

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। सावन के महीने में काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे दलाल को पकड़ा है, जिसने कर्नाटक से आई एक महिला श्रद्धालु से 4 हजार रुपये लेकर विशेष दर्शन कराने का झांसा दिया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दलाल से महिला को पूरी राशि वापस कराई।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) शिवकांत मिश्रा दलाल को फटकार लगाते हुए महिला के पैसे लौटाने का निर्देश देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दलाल महिला को ऑनलाइन माध्यम से पैसे वापस करता नजर आ रहा है।
एसएचओ शिवकांत मिश्रा ने दलाल से सख्ती से पूछताछ करते हुए कहा कि जब सभी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन निशुल्क हैं, तो पैसे लेने का क्या औचित्य है। हालांकि दलाल इस पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस अधिकारी ने महिला से बातचीत कर उसे आश्वस्त किया और स्वयं दर्शन कराने का भरोसा दिलाया।
महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह मैसूर (कर्नाटक) से दर्शन के लिए वाराणसी आई थीं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था की।
गौरतलब है कि काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के आसपास ऐसे दलाल सक्रिय रहते हैं, जो भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को वीआईपी या स्पर्श दर्शन के नाम पर ठगने की कोशिश करते हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और केवल अधिकृत व्यवस्था के माध्यम से ही दर्शन करें।




