गाजियाबाद नगर आयुक्त के आवास में घुसा पानी तो पहुंचा टैंकर, आम लोग होते रहे परेशान

गाजियाबाद। लगातार हो रही वर्षा के कारण रविवार को फिर से कलक्ट्रेट परिसर से लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के आवास तक पानी भर गया। पॉश इलाके राजनगर और आरडीसी में भी लगातार इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, नगर आयुक्त और उनके कर्मचारी या यहां से गुजरने वाले लोगों को ज्यादा देर तक परेशानी नहीं हुई, क्योंकि जलभराव की सूचना मिलते ही जलकल विभाग की टीम पहुंची और सक्सन टैंकर के जरिए पानी को निकाल दिया। इसी तरह और भी पॉश इलाकों को जल्द ही राहत मिल गई, लेकिन बाकी शहरवासियों को पूरे दिन जलभराव से जूझना पड़ा। कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए तो राजनगर रिंग रोड पर पेड़ों के बड़े तने टूटने से यातायात बाधित हुआ।
घर में पानी घुसने पर भी नहीं भेजा टैंकर
भारी वर्षा के कारण पटेलनगर और नंदग्राम के साथ हरसांव के कई मकानों में पानी घुस गया। लोगों ने बताया कि सूचना देने पर भी नगर निगम की ओर से कोई मदद नहीं भेजी गई। लोगों ने खुद ही पानी निकासी के इंतजाम किए। इसके अलावा सभी प्रमुख मार्ग मेरठ रोड, हापुड़ रोड और जीटी रोड के साथ ही अंबेडकर रोड पर भी जलभराव हुआ। छुट्टी का दिन होने के कारण रविवार को सड़कों पर वाहनों का दबाव कम था, लेकिन वर्षा जल भरा होने के कारण वाहन चालकों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
नगर निगम के पंपिंग के जरिये पानी को तुरंत निकालने के दावों के बावजूद प्रमुख स्थान मेरठ तिराहा, हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन, राजनगर एक्सटेंशन, राजनगर एक्सटेंशन चौराहा के नीचे, एएलटी आरओबी के नीचे, पटेलनगर, गुलधर रैपिडएक्स स्टेशन के पास गढ़ी रोड, सिकरोड, अंबेडकरनगर, नंदग्राम व विजयनगर के कई इलाकों में पानी भरा रहा।
छह जुलाई को वर्षा के बाद अगले दिन भी कई स्थानों से पानी नहीं निकाला गया था।
इसी तरह रविवार को भी अधिकांश इलाकों में लोग जलभराव से जूझते रहे। राजनगर एक्सटेंशन में देविका स्काइपर्स वाला रोड की हालत झील जैसी हो गई थी।
वीवीआइपी एड्रेसेज व देविका स्काइपर्स के लोग घरों से भी नहीं निकल पाए। सड़क जर्जर होने के कारण कुछ वाहन भी फंस गए।
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जलभराव, लगा भीषण जाम
वर्षा ने रविवार को फिर मुरादनगर नगरपालिका की पोल खोल दी। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर भारी जलभराव हो गया। जिसके चलते जाम की विकराल स्थिति बन गई। वाहनों की कतार रावली कट से लेकर आयुध निर्माणी गेट तक पहुंच गई।
कई वाहन भी खराब हो गए। कई फीट तक जलभराव सड़क पर रहा। क्षेत्र में पूरे दिन यही स्थिति बनी रही। लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार को सुबह से ही तेज वर्षा शुरू हो गई। पूरे दिन रुक-रुककर वर्षा होती रही। जिसके चलते मुरादनगर में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जलभराव होने लगा। नाले से ओवरफ्लो होकर भी पानी सड़क पर भर गया। देखते ही देखते भयंकर जलभराव हो गया। जलभराव के चलते कुछ वाहन खराब होकर सड़क के बीच में खड़े हो गए। इससे पीछे से आ रहे वाहनों को आगे जाने की जगह नहीं मिली और जाम लगने लगा।
देखते ही देखते वाहनों की कतार लंबी होती चली गई। दोपहिया वाहन सवार वर्षा में ही जाम में फंसे रहे। शाम तक भी यातायात व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। मिनटों का सफर तय करने में लोगों को घंटों लग गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button