नेशनल आईकॉन अवार्ड 2026 से दिल्ली में सम्मानित हुए कानपुर के युवा उद्यमी आशीष सचान

नई दिल्ली/कानपुर। सामाजिक सेवा और व्यापारियों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आशीष सचान को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में नेशनल आईकॉन अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके सामाजिक योगदान और व्यापारिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के स्पीकर हॉल में आरोग्य दर्पण द्वारा ‘विकसित भारत 2047’ विजन के तहत राष्ट्रीय सम्मेलन 2026 एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपाद नाइक, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृष्ण पाल मलिक, भारत सरकार के कैबिनेट सचिव सौरभ तिवारी, हृदय रोग विशेषज्ञ पद्मश्री डॉ. मोहसिन वली, भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, संपादक नवीन सिंह पटेल तथा आयोजन समिति अध्यक्ष राम पी. वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंच से देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 48 प्रतिष्ठित नागरिकों को नेशनल आईकॉन अवार्ड 2026 प्रदान किया गया। इसी क्रम में कानपुर के युवा उद्यमी आशीष सचान को व्यापारियों के हितों की रक्षा, सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका और युवाओं को प्रेरित करने के लिए यह सम्मान दिया गया।
नेशनल आईकॉन अवार्ड उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में नवाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। आशीष सचान ने न केवल व्यापारिक हितों की आवाज बुलंद की, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई है। साथ ही, कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने बाल एवं युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर सहयोग दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आशीष सचान ने कहा कि यह सम्मान उनके व्यक्तिगत प्रयासों का नहीं, बल्कि पूरे कानपुर के व्यापारियों, युवाओं और समाजसेवियों का है। उन्होंने अपने माता-पिता, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानपुर की मिट्टी में मेहनत और सेवा का जज्बा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में कानपुर के युवा और व्यापारी अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ समाज की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय सम्मान से कानपुर का गौरव बढ़ा है और आशीष सचान की यह उपलब्धि शहर के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button