जम्मू में स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा रोशनी से सजे पुल और फ्लाईओवर, 35 लाख की परियोजना से निखरी शहर की छटा
जम्मू नगर निगम ने स्वतंत्रता दिवस उत्सव के तहत शहर के प्रमुख स्थलों, जैसे तवी पुलों और बिक्रम चौक फ्लाईओवर पर 35 लाख की लागत से तिरंगा वर्टिकल पोल लाइट्स लगाई हैं।

जम्मू/एजेंसी। स्वतंत्रता दिवस उत्सव और शहर के सौंदर्यकरण अभियान के तहत जम्मू नगर निगम ने शहर के प्रमुख स्थलों को राष्ट्ररंग में सजाने की पहल तेज कर दी है। निगम द्वारा लगभग 35 लाख रुपये की लागत से तवी नदी के पुलों और बिक्रम चौक फ्लाईओवर पर तिरंगा थीम आधारित आधुनिक एलईडी लाइटिंग सिस्टम लगाया जा रहा है, जो अब शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
परियोजना के तहत बिक्रम चौक फ्लाईओवर के सेंटर वर्ज और तवी नदी के पुलों के दोनों ओर विशेष रूप से डिजाइन किए गए आक्टागोनल और ट्यूबलर पोल स्थापित किए गए हैं। इन पर ऊर्जा-कुशल, आईपी-65 वाटरप्रूफ ग्रेड की तिरंगा एलईडी लाइटें और स्ट्रिप्स लगाई जा रही हैं, जिससे कम बिजली खपत में बेहतर रोशनी मिल सके।
शाम ढलते ही इन स्थानों पर जगमगाती तिरंगा लाइटें शहर की रात्रिकालीन सुंदरता को नया आयाम दे रही हैं। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे “मंदिरों के शहर” जम्मू की छवि और अधिक आकर्षक हो गई है।
इस परियोजना के लिए नगर निगम के इलेक्ट्रिक डिवीजन ने ई-टेंडर जारी किया था, जिसमें उपकरणों की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और अगले 3 से 5 वर्षों तक रखरखाव का प्रावधान शामिल है। लाइटों के संचालन के लिए ऑटोमैटिक टाइमर आधारित कंट्रोल पैनल लगाए गए हैं, जो सूर्यास्त के समय स्वतः चालू और सुबह बंद हो जाते हैं।
नगर निगम के अनुसार, यह पहल केवल सौंदर्यकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे रात्रि के समय यातायात सुरक्षा भी मजबूत होगी। बेहतर रोशनी के कारण वाहन चालकों को स्पष्ट दृश्यता मिल रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ एवं निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने बताया कि तवी पुल और बिक्रम चौक पर तिरंगा लाइटिंग से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ रही है, बल्कि नागरिकों में देशभक्ति की भावना भी प्रबल हो रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और प्रवेश द्वारों पर भी इसी प्रकार की सौंदर्यीकरण परियोजनाएं लागू की जाएंगी, ताकि इस बार स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा सके।




