होमगार्ड जवान पर चढ़ाई थी स्कॉर्पियो, अब पुलिस की गिरफ्त में हरियाणा का वांटेड मुबीन

दौसा/राजस्थान। 15 दिन पहले दौसा जिले के सिकराय में बदमाशों ने एक होमगार्ड को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। इस पूरे मामले में दौसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी को बरामद कर लिया है। साथ ही हरियाणा के नूंह जिले के बडेड गांव निवासी मुबीन मेव को गिरफ्तार किया है। मुबीन कई जगह से वांटेड था और उसके खिलाफ गोकशी, लूट, डकैती, हत्या, गाड़ी चोरी के अनेक मामले दर्ज हैं।
मुबीन पर 26 अक्टूबर की रात को दौसा जिले के मानपुर थाने में बड़ी वारदात में शामिल होने का आरोप था। उसने सिकराय कस्बे में चुनाव की ड्यूटी कर रहे होमगार्ड के जवान संतोष शर्मा पर गाड़ी चढ़ाकर जान ले ली थी। पुलिस ने 15 दिन तक इस पूरे मामले में कई राज्यों में जगह-जगह दबिश दी। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया। हालांकि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं जिनकी दौसा पुलिस तलाश कर रही है।
26 अक्टूबर की रात का घटनाक्रम है जब मानपुर थाना पुलिस एक संदिग्ध स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। यह स्कॉर्पियो मानपुर से सिकराय की तरफ आ गई। इसी बीच मानपुर थाना पुलिस ने सिकराय में मौजूद पुलिस और होमगार्ड के जवानों को सूचना दी। सिकराय कस्बे में पैदल गश्त कर रहे पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने दुकानों के बाहर रखी हुई बेंच लगाकर गाड़ी को रोकने की कोशिश की।
हालांकि, स्कार्पियो सवार बदमाशों ने पुलिस की गश्ती दल को कुचल दिया। इस वारदात में मौके पर तैनात होमगार्ड के जवान संतोष शर्मा के ऊपर होकर दो बार स्कॉर्पियो को निकाला गया। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए होमगार्ड के जवान को दौसा जिला अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद डीएम और एसपी की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इधर दौसा एसपी वंदिता राणा का कहना है कि होमगार्ड के जवान को कुचलने की वारदात के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button