लाल सागर में भारतीय जहाज पर हूती विद्रोहियों का हमला, ‘फैज नूरे औलिया’ डूबा; सभी 14 क्रू सदस्य सुरक्षित बचाए गए

लाल सागर में यमन के नजदीक एक भारतीय कार्गो जहाज पर ड्रोन बोट से हमला किया गया है। इस हमले के कारण फैज नूरे औलिया जहाज डूब गया है। यमन की सरकारी सेना ने बताया है कि उसने जहाज पर सवार 14 क्रू सदस्यों का रेस्क्यू किया है, जिनमें से 13 भारतीय और एक यमनी है।

दुबई/एजेंसी। लाल सागर में एक भारतीय झंडे वाले जहाज पर यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा हमला किए जाने की खबर सामने आई है। इस हमले में ‘फैज नूरे औलिया’ नामक जहाज डूब गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनमें 13 भारतीय और एक यमनी नागरिक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जहाज पर विस्फोटकों से भरी ड्रोन बोट के जरिए हमला किया गया। हमले के बाद यमन की सरकारी सेना से जुड़ी नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेस (एनआरएफ) ने कोस्ट गार्ड और नेवी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सभी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एनआरएफ के बयान के मुताबिक, यह हमला हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले होदेइदाह बंदरगाह शहर के दक्षिण में करीब 13 नॉटिकल मील की दूरी पर हुआ। बचाए गए सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता दी गई है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हमले के लिए एनआरएफ ने हूती समूह को जिम्मेदार ठहराया है, हालांकि विद्रोहियों की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गौरतलब है कि यमन वर्ष 2014 से गृहयुद्ध की स्थिति में है, जहां राजधानी सना समेत उत्तरी क्षेत्रों पर हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार सीमित क्षेत्रों पर ही नियंत्रण रखती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button