लेखपाल पर घर में घुसकर अभद्रता, मारपीट व चेन छीनने का आरोप, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत
कौशाम्बी के टेंवा गांव में एक महिला ने लेखपाल पर घर में घुसकर अभद्रता, मारपीट और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है, साथ ही आरोपित पर एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंवा गांव में एक महिला ने गांव के लेखपाल पर घर में घुसकर अभद्रता, मारपीट, पूजा स्थल की मर्यादा भंग करने और सोने की चेन छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज करने तथा आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लेखपाल पर एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार टेंवा गांव निवासी मुन्नी देवी, पत्नी स्वर्गीय अरुण पाण्डेय ने बताया कि उनकी बहू कैंसर से पीड़ित है और उसका इलाज मुंबई में चल रहा है। बहू के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए उनके घर में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा महामृत्युंजय अनुष्ठान कराया जा रहा था।
पीड़िता का आरोप है कि 3 अगस्त 2026 को दोपहर करीब दो बजे गांव के लेखपाल बसंत लाल अपने साथी श्यामनाथ के साथ उनके घर पहुंचे और उनके पुत्र राजेश पाण्डेय के बारे में पूछताछ करने लगे। महिला के अनुसार जब उन्होंने बताया कि उनका बेटा पत्नी के इलाज के लिए धन की व्यवस्था करने गया है, तो लेखपाल जूते पहने हुए सीधे पूजा स्थल तक पहुंच गए और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे, जिससे धार्मिक अनुष्ठान बाधित हो गया।
महिला का कहना है कि विरोध करने पर लेखपाल ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़ीं और उन्हें चोटें आईं। आरोप है कि इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने पूरे परिवार को एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर भय का माहौल बनाया।
शिकायती पत्र में महिला ने संबंधित लेखपाल पर पद और प्रभाव का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह आम लोगों पर दबाव बनाते हैं तथा अनुसूचित जाति से होने का हवाला देकर एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं। इसके साथ ही उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने और दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





