प्रेमी से संबंध का विरोध गुजरा नागवार, पत्नी ने बेरहमी से पति का करा दिया कत्ल

गाजियाबाद। गाजियाबाद के छिजारसी अंडरपास की सर्विस रोड के बगल में हिंडन के बीच ग्रीन बेल्ट में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की चाकू से वार कर हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि युवक की पत्नी के पड़ोसी से अवैध संबंध बन गए थे। पति इसका विरोध करता था, इसी चक्कर में पत्नी ने उसकी हत्या की साजिश रची। उसने अपने प्रेमी और उसके रिश्तेदार को यह काम सौंपा। दोनों ने उसे खूब शराब पिलाई और हिंडन के पास ले जाकर चाकू मार हत्या कर दी। इसके बाद ईंट से उसका चेहरा कुचल दिया। हत्या में शामिल पत्नी, प्रेमी व उसके रिश्तेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछाताछ में उन्होंने सारा राज़ उगल दिया।
कपड़ों और जूतों से हुई मृतक की पहचान
इंदिरापुरम पुलिस को 4 दिसंबर की सुबह छिजारसी अंडरपास के नज़दीक ग्रीन बेल्ट में एक अज्ञात का शव मिला था। पुलिस ने शव पर मिले चोटों के निशान देखकर इसे मर्डर मानकर तफ्तीश शुरू कर दी। मौके का निरीक्षण किया गया। सोशल साइट्स पर शव का फोटो डाला गया, लेकिन चूंकी लाश का चेहरा खराब था तो उसके कपड़े और जूतों से ही पहचान हो सकती थी। आखिरकार चार दिन बाद 8 दिसंबर को पुलिस को लीड मिली। मृतक के भाई ने कपड़ों और जूतों के आधार पर अपने भाई की पहचान कर ली।
उसने पुलिस को बताया कि यह उसका भाई बृज किशोर है, तो बदायूं का रहने वाला है। भाई अपना सामान लेने के लिए छिजारसी अपने निवास पर आया था। उस दौरान उसका फोन स्विच्ड ऑफ था। उसके बाद से कोई जानकारी नहीं मिली। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसके भाई के साथ शीलेंद्र और नन्हे भी थे, वे भी गायब चल रहे हैं। इसके बाद पुलिस को शक हुआ और टीम उनकी तलाश में जुट गई। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से उन्हें धर दबोचा।
शीलेंद्र और नन्हे ने पूछताछ में बताया कि मृतक की पत्नी पुष्पा ने पूरी साजिश रची थी। उसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और ईंट बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि कि शीलेंद्र अविवाहित है। वह बृज किशोर के बगल वाले कमरे में किराये पर रहता था। आर्थिक तंगी में बृज किशोर को शीलेंद्र ने पैसे उधार दिए थे। उसका घर पर आना-जाना था। इस दौरान शीलेंद्र के पुष्पा से अवैध संबंध बन गए।
इस बात का पता चलने पर बृज किशोर अपनी पत्नी को लेकर गांव चला गया। इसके बावजूद वह शीलेंद्र से फोन पर बातचीत करती थी। यहां तक कि आरोपी ने गांव जाकर उसकी पत्नी को कपड़े खरीदकर दिए। इन बातों का पता चलने पर बृज किशोर नाराज़ हो गया। वह छिजारसी में रखे सामान को वापस लेने के लिए आ गया। उसके आते ही पुष्पा ने हत्या की साजिश रची।
आरोपी शीलेंद्र ने इस काम में अपने फुफुरे भाई नन्हे को शामिल कर लिया। इसके बाद पुष्पा ने 500 रुपये दिए और कहा कि वे लोग शराब पार्टी कर लें। इसके बाद मौका पाकर हत्या कर दें। साजिश के तहत शीलेंद्र और नन्हे ने बृजकिशोर को शराब पिलायी और घूमने के बहाने छिजारसी अंडरपास के सर्विस रोड के बगल में हिंडन के बीच ग्रीन बेल्ट में ले जाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने गर्दन पर चाकू से वार किया और फिर ईंट से चेहरा कुचलकर हत्या कर दी। उसके बाद वहां से फरार हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button