सीजेपी स्टूडेंट्स के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस न लेने पर गुरुग्राम के स्कूलों, डीसी ऑफिस और हरियाणा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
गुरुग्राम के कई स्कूलों, डीसी कार्यालय और हरियाणा कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में सीजेपी स्टूडेंट्स के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने और स्कूलों में 'वंदे मातरम' नहीं बोलने की चेतावनी दी गई।
![]()
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। शहर के कई स्कूलों, उपायुक्त (डीसी) कार्यालय और जिला अदालत को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। कथित तौर पर यह धमकी भरा ईमेल खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ बताने वाले संगठन की ओर से भेजा गया है।
ईमेल में सीजेपी स्टूडेंट्स के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की गई है। साथ ही स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ नहीं बोलने की चेतावनी भी दी गई है। इतना ही नहीं, धमकी में दिल्ली स्थित संसद भवन को भी उड़ाने का जिक्र किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
धमकी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस, साइबर सेल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तत्काल हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर जिला अदालत परिसर और लघु सचिवालय को खाली करा लिया गया है। वहीं, शहर के सभी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
जिला बार एसोसिएशन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी मिलने के बाद अदालत परिसर में सुरक्षा अलर्ट घोषित कर दिया गया। एसोसिएशन द्वारा जारी नोटिस में कहा गया कि सुरक्षा कारणों से शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में कोई न्यायिक कार्य नहीं होगा। सभी अधिवक्ताओं से तुरंत अदालत परिसर छोड़ने की अपील की गई है। साथ ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश से सभी सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई स्थगित कर अगली तारीख देने का अनुरोध किया गया है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। शहर के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।




