गुरु रविदास जयंती पर हरिद्वार में कलश बंधन महारैली, सीएम धामी ने दिया समरसता का संदेश
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भगवानपुर के चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाई और कलश को सिर पर रखकर सीएमडी इंटर कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल तक गए।

हरिद्वार/उत्तराखंड। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला में भव्य कलश बंधन महारैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं कलश को सिर पर रखकर कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश शुभारंभ, मंगल और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संत रविदास के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों और सेवा भाव से महान बनता है। समाज से भेदभाव समाप्त किए बिना सशक्त और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं, जो संत रविदास के समरस समाज के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ सुरक्षा, झील सौंदर्यीकरण, आधुनिक विद्यालय निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और नई तहसील भवन जैसी कई परियोजनाएं पूरी की गई हैं। साथ ही सड़कों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रभावी रूप से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि काशी के गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र मिट्टी को देशभर में कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।
स्वामी निर्मलदास ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को सदैव धर्म और सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी जिलों में कलश यात्रा संचालित करने के लिए भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश भी प्रदान किए। कार्यक्रम में कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया।




