राजकोट में सनसनीखेज वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर शव फैक्ट्री में दफनाया, दो साल बाद खुला राज
गुजरात के जामनगर में फिल्म 'दृश्यम' की कहानी से मिलते-जुलते एक मामले में पुलिस ने फर्श के 12 फुट नीचे से एक व्यक्ति का कंकाल बरामद किया। आशंका है कि दो साल पहले उसकी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी ने उसकी हत्या कर शव को कंक्रीट के फर्श के नीचे दफना दिया था। उसने सबसे कहा कि पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है।

राजकोट/गुजरात। गुजरात के राजकोट से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को फैक्ट्री परिसर में दफना दिया। घटना का खुलासा करीब दो साल बाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी समेत अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक जिग्नेश मावड़िया (लगभग 35 वर्ष) ने पृथ्वी उर्फ भूमिबेन से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से नाराज परिवारवालों ने उससे दूरी बना ली थी, जिसके बाद वह पत्नी के साथ अलग रहने लगा। हालांकि, उसका एक चचेरा भाई उससे संपर्क में रहता था, लेकिन अचानक जिग्नेश का संपर्क टूट गया। पूछने पर पत्नी ने बताया कि वह काम के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया गया है।
लंबे समय तक कोई संपर्क न होने पर परिजनों को शक हुआ। जब जिग्नेश के भाई ने ऑस्ट्रेलिया जाकर उससे मिलने की बात कही और उसका पता व नंबर मांगा, तो पत्नी ने अनभिज्ञता जताई। इसके बाद 26 जुलाई को परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान संदेह गहराने पर पुलिस ने पृथ्वी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 31 मई 2024 की रात आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी निलेश कछाटिया और एक अन्य सहयोगी बलवीर वर्मा के साथ मिलकर जिग्नेश को जामनगर के दरेड़ जीआईडीसी स्थित एक औद्योगिक शेड में शराब पार्टी के बहाने बुलाया। वहां शराब में सायनाइड मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए फैक्ट्री के फर्श में करीब 12 फुट गहरा गड्ढा खोदा और उसमें शव को दफना दिया। इसके ऊपर मिट्टी डालकर करीब एक फुट मोटी कंक्रीट की परत बिछा दी, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी महिला एक नर्स है और शादी से पहले अपने प्रेमी के साथ संबंध में थी, जो बाद में फिर से शुरू हो गया था। हत्या के बाद भी वह सामान्य जीवन जीती रही और रिश्तेदारों को यही बताती रही कि उसका पति विदेश में काम कर रहा है।
पुलिस ने आरोपी निलेश की निशानदेही पर फैक्ट्री परिसर को सील कर खुदाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।




