बंगाल में ‘जागो मां’ गाने पर भड़का स्कूल मालिक महबूब मलिक, गायिका संग प्रोग्राम में बदसलूकी

कोलकाता/एजेंसी। बंगाली गायिका लग्नजिता चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एक निजी स्कूल में संगीत कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद कार्यक्रम के आयोजकों में से एक महबूब मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि गायिका की शिकायत पर मुख्य आरोपी मलिक को रविवार को गिरफ्तार किया गया। मलिक उस स्कूल का सह-मालिक है जहां यह कार्यक्रम हुआ था।
लग्नजिता ने बताया कि यह घटना शनिवार रात ईस्ट मिदनापुर के भगवानपुर स्थित स्कूल में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई। वह वहां प्रस्तुति दे रही थीं। प्रोग्राम शुरू होने के 45 मिनट बाद तक प्रोग्राम काफी अच्छा चला। इसके बाद जब उन्होंने फिल्म ‘देवी चौधरानी’ का गाना ‘जागो मां’ गाना शुरू किया। तभी आयोजकों में से एक महबूब मलिक ने आपत्ति जताई। मलिक ने कहा कि केवल ‘धर्मनिरपेक्ष गाने’ ही गाए जाने चाहिए। वह लगभग हिंसक हो गए। इसके बाद हालात बिगड़ गए। आर्टिस्ट स्टेज से नीचे उतर आए। लग्नजीता ने शनिवार को भगवानपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पूर्वी मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिथुन डे ने पुष्टि की कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस घटना के बाद एक और बात सामने आई है। भगवानपुर थाने के प्रभारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आरोप है कि गायिका और उनकी टीम को शुरू में एफआईआर दर्ज करने से हतोत्साहित किया गया था। डे ने कहा कि अगर कोई लापरवाही पाई जाती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शंखदेब पांडा ने दावा किया कि मलिक तृणमूल कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता सुजान चक्रवर्ती ने भी इस कृत्य की निंदा की और इस स्थिति के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने इस घटना को ‘निंदनीय’ बताते हुए कहा कि हर घटना के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराना गलत होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button