सुभाष प्लेस में बार के बाउंसर और मैनेजर की पिटाई, पुलिसकर्मी को भी चोट लगी

नई दिल्ली। सुभाष प्लेस इलाके में एक बार के अंदर हंगामा, बाउंसर और मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बवाल की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी से भी बदसलूकी की गई। घटना में मैनेजर और बाउंसर जख्मी हो गए, जिसमें से एक को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। सुभाष प्लेस पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बार में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की पहचान की है।
पुलिस के मुताबिक, शकूरपुर निवासी अमित कुमार नेताजी सुभाष प्लेस कॉम्प्लेक्स के ‘बारशाला’ में बाउंसर है। आरोप है कि आधी रात को करीब 11:45 बजे तीन लड़के, जो काफी देर से बार में थे और उन्होंने काफी खाना-पीना व ड्रिंक कर ली थी, उन लोगों ने और ज्यादा ड्रिंक लाने की डिमांड की। आरोप है कि तीनों बदसलूकी करने लगे। जिस पर बारशाला के मैनेजर मुनीश ने उन लड़कों को बार से जाने को कहा। बार बंद होने का हवाला दिया। लेकिन आरोपी लड़के वहां से जाने के बजाय हंगामा करने लगे। इस पर बाउंसर अमित ने लड़कों को बार से बाहर धकियाते हुए निकाल दिया। जिस पर उन लड़कों ने हाथापाई की और देख लेने की बात करते हुए चले गए।
करीब 15-20 मिनट बाद तीन लड़के आए, जिसमें से एक के हाथ में डंडा था। आरोप है कि हाथापाई करते हुए बार में घुस गए। तीनों लड़कों ने एक साथ हमला कर दिया। मैनेजर मुनीश और अमित को पीटा। इसी दौरान बीट का एक सिपाही सूचना मिलने पर बार में आया। आरोप है कि काबू करने के दौरान सिपाही को भी चोटें आईं। इसके बाद आरोपी लड़के जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस अमित को नजदीकी अस्पताल ले गई। जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button