दिल्ली के जाफराबाद में इंस्टाग्राम विवाद में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जाफराबाद में इंस्टाग्राम पर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय साहिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया है। मामले में 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में इंस्टाग्राम पर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी 21 वर्षीय साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने एक 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा है और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक पिछले करीब तीन वर्षों से एक साथ काम करते थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर मृतक ने उसके संबंध में अभद्र टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने चाकू से हमला कर दिया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के मुताबिक, छह सितंबर की रात करीब 10 बजे जाफराबाद पुलिस को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से एक युवक की चाकू लगने से मौत की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान 19 वर्षीय साहिल के रूप में हुई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा का रहने वाला था। जांच में पता चला कि वह जाफराबाद स्थित पाउडर कोटिंग फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साहिल पर उसी के साथ काम करने वाले युवक ने चाकू से हमला किया था। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। सहायक पुलिस आयुक्त सहदेव कुमार राणा की देखरेख में थाना प्रभारी तनवीर अहमद, निरीक्षक किरणपाल और उपनिरीक्षक अयूब की टीम ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के करीब चार घंटे के भीतर 21 वर्षीय आरोपी साहिल को गौतमपुरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के साथ एक 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा है। बताया गया है कि नाबालिग पिछले तीन दिनों से आरोपी के साथ रह रहा था। पुलिस उसकी भूमिका और घटना में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button