राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को प्रधान जिला न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ
अनूपपुर/मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती माया विश्वलाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर न्यायाधीश श्री श्रीकृष्ण डागलिया, श्रीमती चैनवती ताराम, श्रीमती विधि डागलिया, सुश्री सुधा पांडेय, श्री बॉबी सोनकर, सुश्री सृष्टि साहू, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रावेन्द्र कुमार सोनी, विधिक सहायता बचाव परिषद के अधिवक्तागण तथा न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रचार रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी देगा। इस दौरान लोगों को आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से विवादों के सरल एवं त्वरित निराकरण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती माया विश्वलाल ने आमजन से अपील की कि वे 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें और अपने लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण कराने का लाभ उठाएं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार और विधिक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रचार रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को लोक अदालत के लाभ और विवादों के आपसी समझौते से त्वरित निराकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।




