आगरा में शादी के वादे पर किन्नर ने कराया लिंग परिवर्तन,अब 4 लाख और बुलेट लेकर प्रेमी ने दिया धोखा
आगरा में एक किन्नर ने प्रेमी पर शादी का वादा कर लिंग परिवर्तन कराने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 4 लाख रुपये और बुलेट भी ली।

आगरा/उत्तर प्रदेश। प्रेम संबंध में शादी का भरोसा मिलने के बाद एक किन्नर द्वारा लिंग परिवर्तन कराने और बाद में प्रेमी पर शादी से इनकार कर धोखा देने का आरोप लगाने का मामला सामने आया है। मूल रूप से बाराबंकी की रहने वाली किन्नर सूरज उर्फ आयशा ने सिकंदरा थाने में त्रिवेंद्र सिंह और उसकी पत्नी किरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, करीब दो साल पहले सूरज उर्फ आयशा की मुलाकात सिकंदरा क्षेत्र के लखनपुर निवासी त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उसके साथ संबंध बनाए और शादी का भरोसा दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, त्रिवेंद्र उसे अलग-अलग होटलों में ले जाता था और दोनों के बीच शारीरिक एवं भावनात्मक संबंध बने।
किन्नर का आरोप है कि त्रिवेंद्र सिंह ने उससे कहा था कि यदि वह अपना लिंग परिवर्तन करा लेती है तो वह उसके साथ पति-पत्नी की तरह रहेगा। शादी की उम्मीद में उसने लाखों रुपये खर्च कर लिंग परिवर्तन करा लिया और सूरज से आयशा बन गई। आरोप है कि इसके बाद त्रिवेंद्र ने शादी करने से इनकार कर दिया।
शिकायत में आयशा ने आरोप लगाया है कि त्रिवेंद्र ने उससे चार लाख रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी ले ली थी। बाद में जब उसे अपने साथ धोखा होने का एहसास हुआ तो उसने रुपये और मोटरसाइकिल वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद त्रिवेंद्र ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बधाई के रूप में उसके पास आने वाली रकम भी त्रिवेंद्र ले जाता था।
लगातार धमकियां मिलने के बाद उसने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत की। शिकायतकर्ता का कहना है कि त्रिवेंद्र ने उसके साथ शादी करने और पूरी जिंदगी साथ रहने का भरोसा दिया था। बाद में उसे जानकारी हुई कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी किरण पर दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।
पुलिस उपायुक्त नगर सैयद अली अब्बास ने बताया कि महिला की ओर से शारीरिक शोषण और अंगभंग कराने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




