आजमगढ़ में नौकरी के नाम पर 11 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोपित गिरफ्तार

आज़मगढ़ में वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नागेंद्र यादव ने संदीप जायसवाल से पैसे लेकर असम राइफल्स में नौकरी का झांसा दिया और फर्जी दस्तावेज दिए।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोपित को तरवां थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान पहलवानपुर निवासी नागेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया।
रासेपुर गांव निवासी संदीप जायसवाल ने एक जुलाई को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पहलवानपुर निवासी नागेंद्र यादव, डब्लू यादव और गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर गांव निवासी दीपक गौड़ ने स्वयं को वन विभाग में कार्यरत बताते हुए उसे असम राइफल्स में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में तीनों ने उससे कुल 11 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि तीनों ने संदीप के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर उसे भेज दिया और उसके मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने पास रख लिए। नौकरी लगने का भरोसा देकर उसे गुवाहाटी भी भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद नौकरी नहीं लगवाई गई। रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सोमवार सुबह करीब दस बजे पुलिस ने आरोपित नागेंद्र यादव को रासेपुर बाजार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपित को जेल भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button