जिला जेल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, बंदियों को अधिकारों की दी जानकारी

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ

अनूपपुर/मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में जिला जेल अनूपपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जेल का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
शिविर में न्यायाधीश सुश्री सुधा पांडेय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रावेन्द्र कुमार सोनी ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, न्यायालयीन प्रक्रिया तथा उपलब्ध विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने बंदियों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए साक्षर बनने के लिए प्रेरित किया।
जेल निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बंदियों से उनकी समस्याओं के संबंध में भी बातचीत की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में उचित दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता की जानकारी देना तथा निरुद्ध बंदियों को शिक्षा से जोड़ना रहा। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी, जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बंदी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button