मेरठ में एके-47 के 70 कारतूसों के साथ सेना का जवान गिरफ्तार, खुफिया एजेंसियां कर रहीं पूछताछ

भागने की कोशिश में गाड़ी का टूटा शीशा

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में सेना के एक जवान को एके-47 के 70 कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। जवान की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है, जिसकी पोस्टिंग महाराष्ट्र के अहमदनगर टेली सेंटर में थी। वर्तमान में वह एक माह की छुट्टी पर मेरठ आया हुआ था। पुलिस और खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि इन कारतूसों की सप्लाई मेरठ में किसी को की जानी थी।
थाना पल्लवपुरम क्षेत्र के ए2जेड कॉलोनी के पास मुखबिर की सूचना पर राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। वह मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के नंगली गांव का रहने वाला है और 9 जून को छुट्टी लेकर घर आया था। उसके पास से बरामद कारतूस सेना में इस्तेमाल होने वाली एके-47 रायफल के हैं, जिनकी संख्या 70 बताई जा रही है। जिस समय इसे गिरफ्तार की कोशिश की गई, इसने पुलिस और एटीएस पर गाड़ी चढ़ाकर भागने की कोशिश की। लेकिन मजबूत घेराबंदी होने की वजह से पकड़ा गया।
सूत्रों की मानें तो राहुल कुमार मेरठ में किसी को ये कारतूस सौंपने वाला था। हालांकि, किसे और किस उद्देश्य से यह सप्लाई होनी थी, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इस गंभीर मामले को देखते हुए मिलिट्री इंटेलिजेंस की दोनों यूनिटें, स्थानीय पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। राहुल से लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि की इस मामले पर पुलिस प्रशासन ने अभी कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।
पूछताछ में इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या इससे पहले भी वह किसी को कारतूस सप्लाई कर चुका है? या फिर किसी गिरोह से इसका संबंध है जो सैन्य हथियारों या कारतूसों की तस्करी में शामिल हो सकता है?
जांच एजेंसियां इस बिंदु पर भी ध्यान दे रही हैं कि इन कारतूसों का इस्तेमाल किसी आपराधिक या आतंकी गतिविधि के लिए तो नहीं होना था। फिलहाल जवान को पुलिस हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button