अतुल सुभाष खुदकुशी केस में बेंगलुरु पुलिस का एक्शन, पत्नी निकिता समेत 3 गिरफ्तार
Bengaluru police action in Atul Subhash suicide case, 3 arrested including his wife Nikita

- अतुल सुभाष ने खुदकुशी करने से पहले रिकॉर्ड किया था 80 मिनट का वीडियो
- अतुल ने अपनी पत्नी पर ही नहीं, बल्कि फैमिली कोर्ट की जज पर लगाए थे गंभीर आरोप
गुरुग्राम। बेंगलुरु में एआई इंजीनियर रहे अतुल सुभाष के सुसाइड मामले में लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं। ताजा मामले में अतुल सुभाष की पत्नी आरोपी निकिता सिंघानिया को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, आरोपी सास निशा सिंघानिया और साले अनुराग सिंघानिया को प्रयागराज से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और वहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। समाचार एजेंसी एएनआई ने बेंगलुरु के डीसीपी व्हाइट फील्ड डिवीजन शिवकुमार के हवाले से दी है। आरोपितों से पूछताछ में अब मामले से जुड़ी कई परतें खुल सकती हैं।
इससे पहले, आरोपी पत्नी निकिता और ससुराल के अन्य सदस्यों ने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रयागराज हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की थी। बता दें कि 34 वर्षीय एआई अतुल सुभाष की अलग रह रही पत्नी निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा और भाई अनुराग को अतुल सुभाष की मौत के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आत्महत्या से पहले, अतुल सुभाष ने अपनी पत्नी निकिता सिंघानिया और उनके परिवार पर उत्पीड़न और जबरन वसूली का आरोप लगाया था, इन आरोपों को लेकर उन्होंने एक सुसाइड नोट और करीब 80 मिनट का वीडियो बनाया था।
मामले में पुलिस जांच में सामने आया है कि अतुल सुभाष तलाक और बच्चे की कस्टडी को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे। अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया और उनके परिवार के सदस्यों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में इन सभी को आरोपी के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है।
गौरतलब है कि निकिता सिंघानिया ने 2022 में अतुल सुभाष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने अतुल पर दहेज के लिए उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि अतुल सुभाष ने पति-पत्नी के रिश्ते को “जानवर की तरह” माना और उनके परिवार से दहेज की मांग की, जिससे उनके पिता को स्ट्रोक आया और उनकी मौत हो गई।




